विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के सभी विद्यालयों में गुरुवार से वार्षिक मूल्यांकन परीक्षा 2026 शांतिपूर्ण वातावरण में शुरू हो गई। हालांकि इस बार छात्र छात्राओं को प्रश्न पत्र की कॉपी नहीं दी गई है बल्कि शिक्षकों के द्वारा बोर्ड पर ही प्रश्न लिख कर दिया गया है जिससे छात्र छात्राओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
गौरतलब हो कि प्रखंड के विभिन्न प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में कक्षा 3 से 8 तक के छात्र-छात्राएं परीक्षा में भाग ले रहे हैं। पहले दिन विद्यालयों में परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया, वहीं शिक्षकों की देखरेख में परीक्षा सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा रही है।
प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत माध्यमिक विद्यालय कुंवाड़ी में भी वार्षिक मूल्यांकन परीक्षा का आयोजन किया गया, जहां कुल 303 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। परीक्षा को लेकर विद्यालय परिसर में आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि सभी परीक्षार्थी शांतिपूर्ण माहौल में अपनी परीक्षा दे सकें।विद्यालय के शिक्षक भूपेंद्र कुमार पंकज ने बताया कि गुरुवार से वार्षिक मूल्यांकन परीक्षा 2026 की शुरुआत हो गई है।
परीक्षा के पहले दिन प्रथम सत्र में छात्र-छात्राओं ने सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा दी। उन्होंने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष एवं अनुशासित तरीके से संपन्न कराने के लिए विद्यालय प्रशासन और शिक्षक पूरी तरह से सक्रिय हैं।वहीं विद्यालय के प्रधानाध्यापक राघवेंद्र तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय में कक्षा 3 से 8 तक कुल 348 छात्र-छात्राओं का नामांकन है।
वार्षिक मूल्यांकन परीक्षा में सभी विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विद्यालय की ओर से आवश्यक तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं।उन्होंने बताया कि गुरुवार को आयोजित परीक्षा में कुल 303 छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिनमें 170 छात्राएं और 133 छात्र थे।
परीक्षा के दौरान विद्यालय में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए शिक्षकों की विशेष निगरानी रखी गई, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।वही प्रश्न पत्र को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में प्रखंड प्रभारी शिक्षा पदाधिकारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि विभाग द्वारा ऑनलाइन प्रश्न पत्र भेजा गया है और उसे बोर्ड पर लिख कर देना है



























