मनिहारी गंगातट का धार्मिक व पर्यटन की दृष्टि से होगा विकास – मुख्य पार्षद

SHARE:

कटिहार ग्रामीण – जिले के मनिहारी स्थित गंगातट के समग्र विकास की दिशा में नगर परिषद पहल कर रही है। मुख्य पार्षद ने बताया कि मोक्षदायिनी मां गंगा के धार्मिक एवं पौराणिक महत्व को ध्यान में रखते हुए गंगातट को धार्मिक और पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना बनाई गई है।

इसके तहत गंगा से जुड़े धार्मिक और ऐतिहासिक प्रसंगों को लेजर लाइट शो के माध्यम से प्रदर्शित करने की योजना है, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को गंगा की महिमा और इतिहास से अवगत कराया जा सके। मुख्य पार्षद ने बताया कि गंगातट के सौंदर्यीकरण और पर्यटन विकास को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में लगभग 550 मीटर लंबाई में एक और रिवर फ्रंट के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

इस परियोजना को मूर्त रूप देने के लिए सांसद तारिक अनवर के माध्यम से जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार से अनुरोध किया गया है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में सकारात्मक पहल शुरू हो चुकी है और बिहार अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन बुडक के जिला कार्यालय को भी आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त हो चुके हैं। योजना के तहत घाटों का विकास, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था तथा पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

मुख्य पार्षद ने उम्मीद जताई कि योजना के क्रियान्वयन से मनिहारी गंगातट का स्वरूप और आकर्षक बनेगा तथा यह क्षेत्र धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित होगा। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे और क्षेत्र की पहचान और मजबूत होगी।

शनिवार को सांसद तारिक अनवर,विधायक मनोहर प्रसाद सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष के मनिहारी आगमध पर मनिहारी नगर मुख्य पार्षद राजेश कुमार ऊर्फ लाखो यादव ने उनसे मिलकर नगर विकास की दिशा मे की जा रही कार्यों की जानकारी दी और उनका सहयोग मांगा. इस मौके पर कांग्रेस पार्टी के अन्य अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई