भोरहा में गूंजी महिलाओं के अधिकारों की आवाज, ‘रानी लक्ष्मी रजिया महिला संगठन’ ने किया जागरूकता कार्यक्रम

SHARE:

टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के भोरहा गांव में महिलाओं ने अपने अधिकारों और सम्मान को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।

‘रानी लक्ष्मी रजिया महिला संगठन’ (आरएलआर) के बैनर तले आयोजित इस बैठक में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होकर आवाज बुलंद की।कार्यक्रम का उद्देश्य उन महिलाओं को जागरूक करना था जो आज भी समाज में अपने अधिकारों से वंचित हैं। संगठन की अध्यक्ष बुधनी देवी ने अपने संबोधन में कहा कि महिला दिवस मनाने का असली महत्व तभी है, जब समाज की अंतिम पंक्ति में खड़ी शोषित और पीड़ित महिलाओं को भी सम्मान और उनके अधिकार प्राप्त हों।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना होगा और अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर खड़ा होना होगा।
बैठक के दौरान गांव की सामाजिक स्थिति पर भी चर्चा की गई। अध्यक्ष ने बताया कि भोरहा गांव की अधिकतर महिलाएं दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। बावजूद इसके कई बार उनकी मेहनत की कमाई को उनके पति शराब में खर्च कर देते हैं और विरोध करने पर महिलाओं के साथ मारपीट की घटनाएं भी सामने आती हैं। ऐसे मामलों के खिलाफ संगठित होकर संघर्ष करने की आवश्यकता पर बल दिया गया।


संगठन की सचिव बिना देवी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि अधिकार मांगने से नहीं, बल्कि सशक्त बनने से मिलते हैं। उन्होंने महिलाओं से अपने भीतर छिपी प्रतिभा को पहचानने और आर्थिक रूप से मजबूत बनने की अपील की, ताकि वे आत्मसम्मान के साथ जीवन जी सकें। कार्यक्रम में टेढ़ागाछ थाना की ओर से सब इंस्पेक्टर नंद किशोर भी उपस्थित रहे। उनकी मौजूदगी से महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा और उन्होंने आश्वस्त किया कि कानून महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा तत्पर है।


कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं ने एक-दूसरे को महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं और समाज में समानता, सम्मान तथा अधिकारों की रक्षा के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया। यह आयोजन महिलाओं की एकता और जागरूकता का प्रतीक बनकर उभरा।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई