किशनगंज। जिला शतरंज संघ, किशनगंज द्वारा 25 वीं वार्षिक जिला-स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन आगामी 22 मार्च से 29 मार्च तक किया जाएगा। प्रतियोगिता के लिए खगड़ा स्थित खेल भवन-सह-व्यायामशाला एवं श्री दिगंबर जैन भवन को प्रतियोगिता स्थल निर्धारित किया गया है।
उक्त जानकारी संघ के मानद महासचिव शंकर नारायण दत्ता तथा आयोजन सचिव एवं चेस क्रॉप्स के प्रमुख कमल कर्मकार ने संयुक्त रूप से दी। उन्होंने बताया कि इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अंडर-7, अंडर-9 से प्रारंभ कर कुल 17 विभिन्न वर्गों में खिलाड़ियों को विभाजित कर मुकाबले कराए जाएंगे। प्रत्येक वर्ग के शीर्ष तीन विजेताओं के साथ-साथ सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे तथा रजत जयंती के अवसर पर आकर्षक मेमेंटो भी दिए जाएंगे।
प्रतियोगिता में जिले भर से लगभग 500 खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। उन्होंने हर्ष के साथ बताया कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु स्थानीय गौरी शंकर विमला देवी चैरिटेबल ट्रस्ट एवं ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल मुख्य सहयोगकर्ता की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं श्री दिगंबर जैन समाज ने आयोजन को भव्य बनाने के लिए श्री दिगंबर जैन भवन उपलब्ध कराया है। इसके अतिरिक्त संघ के कार्यकारी अध्यक्ष धनंजय जायसवाल, उपाध्यक्ष मोहम्मद कलीमुद्दीन, मिथिलेश झा, अधिवक्ता श्रीमती मोनिका साहा, ओरिएंटल पब्लिक स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल, किडजी, माउंट लिटेरा ज़ी स्कूल, कार्मेल मिशन स्कूल, स्पीड किड्स, लिटल क्लाउड स्कूल, गायत्री डेंटल केयर, ओसियन एंटरप्राइजेज, बोर्जेस डायग्नोस्टिक सेंटर, स्वास्तिक मेडिको, यूरोकीड्स, राजस्थान मार्बल, दुर्गेश्वरी मोटर्स ,जैन प्रिंटर्स, हसन ब्रदर्स ,विजय मार्बल तथा चेस क्रॉप्स एकेडमी इस आयोजन में सह- प्रायोजक के रूप में सहयोग कर रहे हैं। प्रतियोगिता को लेकर जिले के खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।





























