टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चिल्हनियां पंचायत के कुंवाड़ी गांव में किशनगंज जिला स्तरीय संतमत सत्संग का 16वां वार्षिक अधिवेशन आगामी 23 और 24 मार्च को आयोजित किया जाएगा। यह दो दिवसीय आध्यात्मिक अधिवेशन उच्च माध्यमिक विद्यालय कुंवाड़ी के परिसर में आयोजित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में संतमत अनुयायी एवं श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम की तैयारियां इन दिनों युद्ध स्तर पर चल रही हैं।
इस अधिवेशन में परम पूज्य स्वामी व्यासानंद जी महाराज, महर्षि मेंही ब्रह्म पीठ हरिद्वार (उत्तराखंड) से पधारेंगे। उनके साथ ही संतमत सत्संग आश्रम सैदाबाद (अररिया) के पूज्य स्वामी नारायण बाबा भी कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। दोनों संतों के आगमन से श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है।कार्यक्रम के दौरान संतमत के सिद्धांतों, आध्यात्मिक साधना, भजन-कीर्तन तथा सत्संग प्रवचनों का आयोजन किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त होगा।
अधिवेशन को सफल बनाने के लिए क्षेत्र के सत्संगीगण और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा सामूहिक रूप से तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम स्थल पर पंडाल निर्माण, मंच व्यवस्था, श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश तथा साफ-सफाई की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने और भोजन की भी समुचित व्यवस्था की जा रही है।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि यह वार्षिक अधिवेशन संतमत अनुयायियों के लिए विशेष महत्व रखता है। इस अवसर पर संतों के प्रवचन के माध्यम से लोगों को आध्यात्मिक मार्ग पर चलने, सदाचार, नैतिकता और मानव सेवा के प्रति प्रेरित किया जाएगा। साथ ही भजन-कीर्तन और ध्यान साधना के माध्यम से भक्तों को आध्यात्मिक शांति का अनुभव कराया जाएगा।
स्थानीय ग्रामीणों और सत्संगियों का कहना है कि इस तरह के धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रमों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों के बीच आपसी भाईचारा एवं सद्भाव भी मजबूत होता है। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।





























