किशनगंज/प्रतिनिधि
राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान कड़ी सुरक्षा के साथ शनिवार की शाम को किशनगंज पहुंचे। राज्यपाल सड़क मार्ग से अररिया से सीधे किशनगंज पहुंचे। राज्यपाल बीएसएफ गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। रविवार को सुबह नौ बजे एमजीएम मेडिकल कॉलेज में व सुबह 10 बजे इमाम बुखारी यूनिवर्सिटी में आयोजित दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे।
राज्यपाल के किशनगंज आगमन पर शनिवार को जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। राज्यपाल रविवार को शहर में दो अलग अलग कार्यक्रमों में शामिल होंगे। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रशासन और पुलिस ने राज्यपाल के दौरे को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं।
खगड़ा एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल रामपुर स्थित तौहीद ट्रस्ट, सेफ हाउस और अन्य संवेदनशील मार्गों पर पुलिस बल की बहुस्तरीय तैनाती की गई है। डीएम विशाल राज,एसपी संतोष कुमार, एसडीपीओ 1 गौतम कुमार और एसडीपीओ 2 मंगलेश कुमार ने स्वयं कई बार स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
राज्यपाल के गुजरने वाले मार्गो में पुलिस, होमगार्ड और अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। मुख्य सड़कों, चौराहों, बाजारों और कार्यक्रम स्थल के आसपास बैरिकेडिंग और चेकिंग पॉइंट स्थापित किए गए हैं, तथा निगरानी बढ़ा दी गई है। संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।




























