टेढ़ागाछ में पैक्स चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, उत्साह के बीच अध्यक्ष पद पर नए नेतृत्व का चयन।

SHARE:

किशनगंज /विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को प्राथमिक कृषि साख सहयोग समिति लिमिटेड (पैक्स) टेढ़ागाछ की प्रबंधकारिणी समिति के चुनाव को लेकर पूरे इलाके में लोकतांत्रिक माहौल देखने को मिला। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। मतदान की शुरुआत सुबह 7:00 बजे से हुई, जो निर्धारित समयानुसार संध्या 4:30 बजे तक चली।

इस दौरान डाकपोखर एवं झाला पंचायतों में पैक्स अध्यक्ष पद के लिए मतदाताओं ने पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया।


डाकपोखर पंचायत के लिए मध्य विद्यालय बेणुगढ़ तथा झाला पंचायत के लिए कन्या उच्च विद्यालय झाला में मतदान केंद्र बनाए गए थे। दोनों ही मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। ग्रामीण मतदाता शांतिपूर्ण ढंग से मतदान करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाते नजर आए। मतदान को लेकर बुजुर्गों, महिलाओं एवं युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया, जिससे चुनावी माहौल जीवंत बना रहा।


चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। टेढ़ागाछ थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर इजहार आलम के नेतृत्व में पुलिस प्रशासन एवं एसएसबी के जवानों को सभी मतदान केंद्रों पर तैनात किया गया था। इसके अलावा, प्रत्येक मतदान केंद्र पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहे, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।

प्रशासनिक अधिकारी लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण करते रहे और मतदान प्रक्रिया पर पैनी नजर बनाए रखी।चुनाव के दौरान डीआरडीए शशिम सौरभ मणि, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी सह पर्यवेक्षक श्रीकांत पासवान, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी अजय कुमार, बीपीआरओ विवेक भारती, गोदाम प्रबंधक अमित कुमार, आपूर्ति पदाधिकारी विजय कुमार विश्वास, कृषि पदाधिकारी आदिल हसन तथा सहकारिता पदाधिकारी दीनानाथ सिंह चेरू सहित कई वरीय पदाधिकारी मौके पर उपस्थित रहे।

सभी अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया की निगरानी करते हुए आवश्यक दिशा- निर्देश दिए।प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाचन पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि पैक्स चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ है। उन्होंने कहा कि कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। सभी मतदान केंद्रों पर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और मतदाताओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।

मतदान के उपरांत मतगणना की प्रक्रिया पूरी कर शाम लगभग सात बजे चुनाव परिणाम घोषित कर दिए गए। चुनाव परिणाम के अनुसार, झाला पंचायत में कुल 1446 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि डाकपोखर पंचायत में 1133 मतदाताओं ने मतदान किया।

झाला पंचायत में रविता देवी ने 768 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोकीत आलम को 266 मतों से पराजित कर अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। वहीं डाकपोखर पंचायत में सुभाष कुमार ठाकुर ने 719 मत प्राप्त कर राजेश्वर सिंह को 353 मतों से पराजित किया।पैक्स चुनाव के शांतिपूर्ण आयोजन और उत्साहपूर्ण मतदान से क्षेत्र में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति लोगों की आस्था एक बार फिर मजबूत होती दिखाई दी।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!