पटना: आलमगंज थाना अंतर्गत एनएमसीएच अस्पताल परिसर में अवैध गतिविधियों में संलिप्त दलालों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में पुलिस द्वारा छापेमारी की गई। इस कार्रवाई के दौरान दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचानदीपक कुमार, पिता – अशोक यादव, पता – पटना सिटी, बेगमपुर, थाना बायपास, जिला पटना।चुन्नू कुमार, पिता – मंजे लाल सिंह, पता – बीबीपुर मनोरा, थाना बेलसर, जिला वैशाली, वर्तमान पता – बजरंग पटलिग्राम, थाना आलमगंज के रूप में हुई है।
छापेमारी के उपरांत की गई तलाशी के क्रम में दीपक कुमार के पास से जनता मेडिकल हॉल की पर्ची बरामद की गई, जबकि चुन्नू कुमार के पास से वैक्सो वेन स्टराइल हाइपॉडर्मिक सिरिंग (For Single Use) तथा रक्त संग्रह के पश्चात उपयोग में लाए जाने वाले चिपकने वाला स्वाब (कुल 103 पीस) बरामद किए गए, जिन्हें विधिवत जब्त कर लिया गया है।
इस संबंध में आलमगंज थाना कांड संख्या 110/26, दिनांक 04.02.2026, अंतर्गत धारा 318(4)/316(2)/308(3)/351(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
राज्य स्वास्थ्य समिति द्वारा प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया गया कि स्वास्थ्य विभाग को ऐसी सूचनाएं प्राप्त हो रही है कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में निजी नर्सिंग होम, निजी जाँच घर/एक्स-रे, निजी मेडिसीन प्रतिष्ठानों के कर्मी ईलाज हेतु आ रहे मरीजों को निजी नर्सिंग होम में ईलाज कराने, जाँच कराने तथा दवा के क्रय हेतु गुमराह कर रहे हैं। अत: इस पर सख्तीपूर्वक रोक लगाने के लिए सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों एवं सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय का निरीक्षण कराए जाने हेतु निरीक्षण दल का गठन करने हेतु सभी जिलों के जिला पदाधिकारियों को सूचित किया गया है।



























