किशनगंज/विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड कृषि कार्यालय परिसर में गुरुवार को फार्मर रजिस्ट्री कार्य को लेकर विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों से आए बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया और अपनी फार्मर आईडी का सफलतापूर्वक रजिस्ट्रेशन कराया। सुबह से ही कृषि कार्यालय परिसर में किसानों की भीड़ देखी गई, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि किसान सरकारी योजनाओं से जुड़ने को लेकर जागरूक हो रहे हैं।
फार्मर रजिस्ट्री शिविर का उद्देश्य किसानों को एकीकृत पहचान प्रदान करना है, ताकि उन्हें कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, अनुदान, बीज वितरण, फसल बीमा एवं अन्य लाभों का सीधा लाभ मिल सके। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी मुस्तैदी से जुटे रहे।इस संबंध में प्रखंड कृषि पदाधिकारी मो० आदिल अनवर ने बताया कि अब तक टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के 14,057 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूरी कर ली गई है।
उन्होंने कहा कि “फार्मर रजिस्ट्री किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसके माध्यम से किसान सीधे विभाग से जुड़ेंगे और उन्हें योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।उन्होंने आगे बताया कि आगामी कार्यदिवस में 18,001 किसानों का फार्मर रजिस्ट्री आईडी रजिस्ट्रेशन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। “हमारा प्रयास है कि तय समय सीमा के भीतर सभी पात्र किसानों का रजिस्ट्रेशन पूरा किया जाए। इसके लिए अतिरिक्त काउंटर और कर्मियों की व्यवस्था की जा रही है, ताकि किसानों को लंबा इंतजार न करना पड़े,” प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने कहा।
शिविर में सुमंत कुमार (कृषि समन्वयक), फुर्कान आलम (किसान सलाहकार) तथा प्रतिमा कुमारी (कार्यपालक सहायक) ने रजिस्ट्रेशन कार्य में सक्रिय भूमिका निभाई।
कर्मियों द्वारा किसानों को आवश्यक जानकारी भी दी गई और दस्तावेजों की जांच कर प्रक्रिया को सरल बनाया गया।कृषि विभाग के अधिकारियों ने प्रखंड क्षेत्र के सभी किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर कृषि कार्यालय पहुंचकर अपनी फार्मर रजिस्ट्री अवश्य कराएं।
अधिकारियों ने कहा कि फार्मर आईडी के बिना भविष्य में कई योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई हो सकती है। शिविर के सफल आयोजन से किसानों में संतोष और विश्वास का माहौल देखा गया।



























