नेपाल में जारी हिंसा के मद्देनजर गलगलिया बॉर्डर अगले आदेश तक किया गया सील

SHARE:

भारत नेपाल मैत्री पुल को किया गया बंद

दिलशाद/ गलगलिया

नेपाल में जारी हिंसा को देखते हुए भारत नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित गलगलिया अंतरराष्ट्रीय सीमा को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर एसएसबी जवानों ने भारत नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा को सील कर दिया है। बताते चले कि नेपाल में हिंसक प्रदर्शन के बीच सीमांत क्षेत्र से सटे बिहार की अंतरराष्ट्रीय सीमा को सील कर दिया गया है। ये कदम बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर उठाया गया है। इस दौरान पर्यटकों की आवाजाही पर भी पूरी प्रतिबंध लगा दिया गया है। नेपाल में जारी हिंसा का असर भारत के किशनगंज जिले से सटी सीमा चौकियों पर भी देखने को मिल रहा है।

सुरक्षा कारणों से गलगलिया ट्रांजिट प्वाइंट को सील कर दिया गया है। प्रशासन के निर्देश पर सभी सीमा चौकियों पर भारतीय नागरिकों का नेपाल प्रवेश अगले आदेश तक रोक दिया गया है। गलगलिया पुलिस व एसएसबी जवान सीमा क्षेत्र के आसपास जो भी घटनाएं हो रही है उन पर पैनी नजर बनाए हुए है। पुलिस व एसएसबी जवान लगातार अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर गश्त अभियान चला रही है। आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है।

ज्ञात हो कि नेपाल के युवाओं के समूह ने सोशल मीडिया पर नेपो किड नाम से अभियान चलाया था। जिसको लेकर गलगलिया से सटे नेपाल के भद्रपुर में आंदोलनकारियों के द्वारा भद्रपुर नगरपालिका, भद्रपुर भंसार, सहित भद्रपुर पुलिस चौकी को आग के हवाले कर दिया गया था। इसके उपरांत बुधवार को नेपाल की सेना ने पूरे नेपाल में कर्फ्यू लगा दिया है भारत नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। एसएसबी 41वीं बटालियन के भातगांव बीओपी के जवानों ने सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है।

वहीं सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने मंगलवार की शाम को अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पहुंच कर एसएसबी जवानों के साथ बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त बनाए रखने हेतु जरूरी दिशा निर्देश दिए गए। इस मौके पर गलगलिया पुलिस सदल बल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मुस्तैद है।

नेपाल में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के मद्देनजर अधिकारियों ने भारत-नेपाल सीमा पर अलर्ट जारी कर दिया है। भारत के सीमा सुरक्षा बल, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने सतर्कता बढ़ा दी है और भारतीय क्षेत्र में किसी भी तरह की अशांति फैलने से रोकने के लिए स्थिति पर कड़ी नजर रख रही है। अधिकारियों ने बताया कई सीमा चौकियों पर कड़ी जांच की जा रही है।

सबसे ज्यादा पड़ गई