किशनगंज:पशु कल्याण सह बाँझपन निवारण शिविर का आयोजन

SHARE:

किशनगंज/पोठिया/राज कुमार


पशुचिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय अर्राबाड़ी किशनगंज द्वारा बुधवार को धोमनिया रायपुर पंचायत में पशु कल्याण सह बाँझपन निवारण शिविर का आयोजन किया गया। आयोजन सचिव डॉ. आकृति अन्ना सहायक प्राध्यापक ने बताया कि शिविर का आयोजन निदेशालय प्रसार शिक्षा बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय पटना के निर्देशानुसार महाविद्यालय अधिष्ठाता डॉ. चंद्रहास के दिशा-निर्देशन में किया गया जिसका उद्देश्य पशुपालकों को पशुओं में होने वाले बाँझपन संबंधी समस्याओं एवं उसके निदान से संबंधित वैज्ञानिक उपाय से जागरूक करना था।

इस अवसर पर कुल 17 संकाय सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। शिविर में ग्रामीण पशुपालकों ने बड़ी संख्या में पहुँचकर अपने गाय-भैंस एवं अन्य पशुओं की जाँच कराई। पशुओं के बाँझपन संबंधी समस्याओं के साथ-साथ परजीवी संक्रमण, पोषण संबंधी रोग, प्रजनन एवं सामान्य स्वास्थ्य जाँच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किसानों को सही प्रबंधन एवं पोषण पद्धतियों की जानकारी दी और समय पर उपचार हेतु जागरूक किया।

इस अवसर पर आयोजित शिविर में 85 पशुपालकों के 168 छोटे-बड़े जानवरों में गर्भधारण की समस्या, गर्भ की जांच, खान-पान एवं पाचन की समस्या, कृमि की समस्या, प्रजनन की समस्या एवं पशुओं में दूध उत्पादन से संबंधित विभिन्न प्रकार की समस्याओं का इलाज कर उचित परामर्श दिया गया तथा बीमारियों के निदान से संबंधित दवाइयों, खनिज तत्वों, कृमिनाशकों का निःशुल्क वितरण किया गया।

सह-आयोजन सचिव डॉ. प्रत्युष, सहायक प्राध्यापक ने बताया कि शिविर के सफल आयोजन में विरबैक इंडिया फार्मा से दयाशंकर सिंह, मैनेजर एवं नितेश कुमार, बिजनेस मैनेजर ने बाँझपन से संबंधित दवाइयों के सहयोग से शिविर को सफल बनाने में अपना योगदान दियाI

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!