खबर का असर:हाड़ीभिट्ठा वार्ड नं-6 में बिछाया गया तीन फेज तार, लो वोल्टेज से मिलेगी राहत

SHARE:

दिघलबैंक-किशनगंज:मो अजमल

दिघलबैंक प्रखंड के हाड़ीभिट्ठा वार्ड नं-6 में वर्षों से चल रही लो वोल्टेज की समस्या पर आखिरकार कार्रवाई शुरू हो गई है। न्यूज लेमन चूस में 31 मई को प्रकाशित खबर के बाद बिजली विभाग हरकत में आया, और गुरुवार को तीन फेज तार बिछा दिया गया। इससे वार्ड के करीब 300 परिवारों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

ग्रामीणों ने बताया कि अब तक उन्हें सिंगल फेज तार से बिजली मिल रही थी, जिससे खासकर शाम को पंखा, फ्रिज, टीवी कुछ भी सही से नहीं चल पाता था। कई बार फ्यूज उड़ने और तार पिघलने की समस्या होती थी।

इस मुद्दे को लेकर ग्रामीणों ने मार्च 2024 से लेकर अब तक कई बार लिखित और मौखिक शिकायत की थी। इसके बाद न्यूज लेमन चूस में ये खबर प्रमुखता से प्रकाशित हुई थी, जिसमें लोगों की समस्या को विस्तार से बताया गया था।

खबर छपने के बाद विधायक सऊद आलम ने भी इस विषय को दिशा समिति की बैठक में उठाया। इसके बाद बिजली विभाग ने प्राथमिकता के आधार पर काम शुरू करवाया।

सहायक विद्युत अभियंता परमीत रंजन की पहल पर गुरुवार को वार्ड में तीन फेज तार का काम पूरा किया गया। ग्रामीणों ने उन्हें धन्यवाद देते हुए कहा कि अब कम से कम बिजली की स्थिति में सुधार देखने को मिलेगा।

स्थानीय निवासी अजमल आलम, मनोज कुमार सिंह, संजीव चक्रवर्ती, अयूब आलम, तबरेज आलम, इब्राहिम आलम, तस्लीम आलम सहित अन्य लोगों ने बताया कि “अब रात को लाइट डिम नहीं होगी, पंखा-फ्रिज भी आराम से चलेगा। बच्चों की पढ़ाई और घर के कामकाज भी प्रभावित नहीं होंगे। समस्या को लेकर वर्षों से हम गुहार लगा रहे थे। जब न्यूज लेमन चूस में खबर छपी, तब जाकर विभाग ने कदम उठाया। इसके लिए हम न्यूज लेमन चूस विधायक और विभाग का आभार जताते हैं।

ग्रामीणों ने ये भी मांग की कि अब जल्द ही पुराने ट्रांसफार्मर को गड्ढे से हटाकर सुरक्षित स्थान पर लगाया जाए, ताकि बरसात में परेशानी न हो।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!