
किशनगंज/सागर चन्द्रा
शहर के फरिंगगोड़ा वार्ड नंबर नौ में विजय जुलूस में पत्थरबाजी किये जाने से एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में महिला और बच्चे भी शामिल हैं। मंगलवार शाम घटित घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल व्याप्त हो गया। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल इसराउल, महजबीं, जन्नत आलम, अबू हैदर, दिलकश, महबूब, अली हैदर, अबू मोहम्मद, रजिया देवी सहित अन्य घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां घायलों ने बताया कि वार्ड पार्षद पद पर गजाला मजहर की जीत की खुशी में विजय जुलूस निकाला गया था। जुलूस में शामिल समर्थक नाचते गाते जैसे ही चांदनी चौक के समीप पहुंचे अचानक ही आसपड़ोस के घरों की छत से ईंट पत्थरों की बरसात होने लगी।
लोग जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे। इसके बावजूद भी पत्थरों के चपेट में आने से एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। इधर घटना की जानकारी मिलते ही टाउन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रण में ले लिया।






























