किशनगंज : प्रशासन द्वारा शहर में फ्लैग मार्च निकालकर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई

SHARE:

किशनगंज /सागर चन्द्रा

अग्निपथ योजना को लेकर सूबे के कई जिलों में विरोध प्रदर्शन का दौर जारी है। हालांकि जिले में इसका कोई असर देखने को नहीं मिल रहा है। इसके बावजूद भी स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड में है। रविवार को जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन ने सयुंक्त रुप से शहर में फ्लैग मार्च निकाल कर लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। साथ ही भ्रामक खबरों से बचने की सलाह दी। एसडीएम अमिताभ कुमार गुप्ता और एसडीपीओ अनवर जावेद अंसारी के नेतृत्व में टाउन थाना परिसर से पुलिस के जवानों ने फ्लैग मार्च निकाला और शहर के विभिन्न मार्गो का परिभ्रमण किया।

इस दौरान प्रशासन की वाहनों से निकलने वाली तेज सायरन की आवाज को सुनकर असामाजिक तत्वों ने किनारा कर लेना ही बेहतर समझा। इस मौके पर एसडीएम ने कहा कि सेना में भर्ती के लिए अग्निपथ योजना को लेकर देश के कई राज्यों में इसका विरोध हो रहा है। युवा कई राज्यों में आगजनी, तोड़फोड़ अन्य तरह की देश विरोधी गतिविधियों में शामिल हो रहे हैं।

अफवाहों के चलते लोगों में इस योजना को लेकर भ्रम है। इस तरह की भ्रामक खबरों को रोकने व समाज में शांति व्यवस्था को बनाये रखने के लिए आमजन से अपील की जा रही है। किसी भी प्रकार की अफवाहों, भ्रामक खबरों तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले अन्य ऐसी किसी तरह की खबरों से बचें जिसके चलते देश, राज्य अपने गांव, शहर में अशान्ति का माहौल न बने।

आमजन इन जैसी किसी भी तरह की बातों में ना आकर शांति सौहार्द बनाए रखें। एसडीएम ने बताया जिले के 100 से अधिक पॉइंटों को चिन्हित कर मेजिस्ट्रेट के साथ पुलिस पदाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं एसडीपीओ ने बताया भारी तादाद में पुलिस पदाधिकारी व पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई हैं। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। फ्लैग मार्च में टाउन थानाध्यक्ष अमर प्रसाद सिंह, नप कार्यपालपक पदाधिकारी, सीओ, बीडीओ सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

सबसे ज्यादा पड़ गई