किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत हवाकोल पंचायत के हवाकोल गॉव एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय हवाकोल रेतुआ नदी के चपेट में आ जाने से स्थानीय ग्रामीणों में भय का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों ने विगत कई वर्षों से स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं प्रशासन से बार-बार मिलकर कटाव से बचाव के लिए कटाव रोधी कार्य बनाने की मांग करते आ रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार बरसात के समय में यहां कटाव तेजी से होने लगती है।
फिर उस समय पर शासन से मदद की गुहार लगाने पर भी किसी से कोई मदद नहीं मिलती है। उस समय मौसम अनुकूल नहीं रहने की बात कर सभी अपना हाथ उठा लेते हैं। और ग्रामीण बाढ़ व कटाव का मार झेलते रहते हैं। जदयू पंचायत अध्यक्ष कृष्ण प्रसाद मंडल ने बताया कि विगत दिनों जिला पदाधिकारी किशनगंज को आवेदन देने के बाद भी अब तक कटाव रोधी कार्य शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने बताया कि अब बरसात शुरू होने वाली है यदि समय रहते कटाव रोधी कार्य नहीं किए गए तो दर्जनों परिवार फिर से घर से बेघर हो जाएंगे एवं सैकड़ों उपजाऊ जमीन नदी में विलीन हो जाएगी।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए हवाकोल में जल्द कटाव रोधी कार्य कराने की मांग की है। बताते चलें कि मध्य विद्यालय हवाकोल एवं गांव की दूरी 10 फीट है। स्थानीय ग्रामीणों में कृष्ण प्रसाद मंडल, सुधीर गिरी, मनोज मंडल, महेंद्र प्रसाद मंडल, शंकर मंडल, वीरेंद्र मंडल, ब्रह्मदेव ऋषिदेव, कमल मंडल, जीन लाल मंडल, सुरेश ऋषिदेव, उपेंद्र मंडल, विजय मंडल, संतोष मंडल सहित दर्जनों ग्रामीणों ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जल्द सुधि लेने की मांग की है।