निकाय चुनाव में हुई हिंसा के विरोध में आहूत बंद के दौरान खोरीबाड़ी में 15 भाजपा कार्यकर्ता गिरफ्तार

बेहतर न्यूज अनुभव के लिए एप डाउनलोड करें

खोरीबाड़ी /चंदन मंडल

राज्य में हुए निकाय चुनाव के दौरान हिंसा के खिलाफ भाजपा ने सोमवार को सुबह 6 बजे से लेकर शाम 6 बजे यानी 12 घंटे के बंद का राज्य में आह्वान किया था। सोमवार को राज्य में आहूत 12 घंटे के बंद का समर्थन करते हुए खोरीबाड़ी में भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं ने खोरीबाड़ी बीडीओ कार्यालय में ताला जड़कर विरोध प्रदर्शन किया है । इस दौरान भाजपा के सिलीगुड़ी सांगठनिक जिला युवा अध्यक्ष कंचन देवनाथ समेत कई नेताओं को गिरफ्तार किया गया है ।सोमवार को सुबह बंद के समर्थन में कंचन देवनाथ के नेतृत्व में एक रैली निकाली गई ।

इसके बाद बंद के समर्थकों ने खोरीबाड़ी बीडीओ कार्यालय का गेट बंद कर धरना प्रदर्शन किया । सूचना मिलते ही खोरीबाड़ी थाने की विशाल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को वहां से उठने को कहा । लेकिन भाजपा कार्यकर्ता धरने पर डटे रहे और पुलिस की एक न सुनी। जिसके कारण भाजपा के सिलीगुड़ी सांगठनिक जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष कंचन देवनाथ और खोरीबाड़ी – बुढागंज मंडल अध्यक्ष कल्याण प्रसाद सहित कुल 11 भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया ।

इसके अलावा चक्करमारी में बंद का समर्थन कर रहे चार और भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया । इस संबंध में फांसीदेवा -खोरीबाड़ी भाजपा विधायक दुर्गा मुर्मू ने बताया कि तृणमूल कांग्रेस के इशारे पर भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह सब ठीक नहीं है। हमारे कार्यकर्ता शांतिपूर्वक धरना प्रदर्शन कर रहे थे, पुलिस टीएमसी कार्यकर्ता के रूप में अपना भूमिका निभा रही है, यह लोकतंत्र के खिलाफ है।

उन्होंने कहा पश्चिम बंगाल में भाजपा ने निकाय चुनावों में धांधली और हिंसा के खिलाफ आज सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है। बंद के समर्थन में आज खोरीबाड़ी में भाजपा की ओर से जुलूस निकाला गया । उन्होंने कहा पुलिस ने 15 भाजपा कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। 









निकाय चुनाव में हुई हिंसा के विरोध में आहूत बंद के दौरान खोरीबाड़ी में 15 भाजपा कार्यकर्ता गिरफ्तार