पटना : बिहार में टेक्सटाइल पार्क की स्थापना की जाएगी -केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद

बेहतर न्यूज अनुभव के लिए एप डाउनलोड करें

बिहार /पटना 


केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि बिहार में टेक्सटाइल पार्क की स्थापना की जाएगी। इसके लिए अपनी ओर से केंद्र सरकार के समक्ष वे प्रयास करेंगे। उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल से भी इसके लिए प्रयास करने के लिए कहा। श्री प्रसाद ने कहा कि केंद्रीय बजट में देश में नए टेक्सटाइल पार्क बनाए जाने का प्रावधान किया गया है।

मालूम हो कि श्री प्रसाद रविवार को रवींद्र भवन में पार्टी की ओर से केंद्रीय-बजट पर चर्चा कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बजट का मूल मंत्र आत्मनिर्भर भारत के आंदोलन को मजबूत करना व मूल दर्शन आशा, ऊर्जा, विश्वास और आत्म निर्भर भारत बनाने वाला है।







केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश के सभी गांवों के साथ ही बिहार के सभी गांवों को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ा जाएगा। इसकी शुरुआत हो चुकी है। बिहार के सभी जिलों सहित देश के 602 जिलों में क्रिटिकल केयर यूनिट बनाने, देश के 102 जिलों में पोषण की व्यवस्था का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कृषि कानूनों को लेकर कहा कि विपक्ष इसमें कोई एक कमी हो तो बताए। कांग्रेस ने 2007 में कॉन्ट्रेक्ट फार्मिंग की शुरुआत की थी। पंजाब में कैप्टन अमरिंदर सिंह कॉन्ट्रेक्ट फार्मिंग करा रहे हैं। कांग्रेस ने चुनावी घोषणा पत्र में इसका वायदा किया, आज इस पर राजनीति की जा रही है।

जबकि कानून में स्पष्ट है कि किसानों की जमीन को बंधक नहीं रखा जाएगा और न ही उसकी बिक्री की जाएगी।उन्होंने कहा कि ध्यान देने योग्य है कि केंद्र ने कोरोना काल में 27 लाख करोड़ का पैकेज भी जारी किया था और अब 34 लाख करोड़ का बजट भी पेश किया है। ये आर्थिक व्यवस्था कैसे हुई यह भी जानना चाहिए।

भारत मोबाइल निर्माण में जल्द ही दुनिया का नंबर एक देश बनेगा। इसके पूर्व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने केंद्रीय बजट के प्रमुख बिंदुओं को पावर पॉइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से पेश किया। उन्होंने कहा कि अगले पांच साल में आत्म निर्भर बिहार बनाएंगे। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, तकनीकी सहित अन्य बिंदुओं पर देश व बिहार में विकास के लिए केंद्रीय बजट में किए गए प्रावधानों की विस्तार से चर्चा की।






पटना : बिहार में टेक्सटाइल पार्क की स्थापना की जाएगी -केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद