फलका/कटिहार – पोठिया पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के चौधरी बाड़ी के पास एक आम के बगीचे में छापेमारी कर वहाँ छुपाकर रखी गई विभिन्न ब्रांडों की 198 लीटर विदेशी शराब और बियर बरामद की है। इस कार्रवाई के दौरान मौके से एक शराब तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है, जिससे पुछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने मामले में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ तस्करों ने चौधरी बाड़ी के समीप आम के बगीचे में भारी मात्रा में विदेशी शराब छुपाकर रखी है।तस्कर इस खेप को देर रात किसी दूसरी जगह ठिकाने लगाने की फिराक में थे।सूचना का सत्यापन करने के लिए पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर छापेमारी की गई।बगीचे में एक पेड़ के नीचे त्रिपाल से ढककर रखे गए 18 कार्टून विदेशी शराब बरामद किए गए।
पुलिस ने तुरंत शराब को जब्त कर लिया और मौके से एक संदिग्ध को दबोच लिया।पूछताछ में पकड़े गए व्यक्ति ने अपनी पहचान पोठिया निवासी रंजीत कुमार यादव के रूप में बताई। सभी कार्टूनों की गिनती करने पर कुल 198 लीटर विदेशी शराब और बियर पाई गई।जिसके बाद आरोपी के विरुद्ध मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

























