रणविजय /पौआखाली:
पश्चिम बंगाल से बिहार में प्रवेश करते ही पौआखाली थाना क्षेत्र के पेटभरी चौक स्थित एनएच-327ई पर बीयर और अंग्रेजी शराब की पेटियों से लदा डब्लूबी 71बी 5468 निबंधित डाक पीएसीएल लिखा एक वैन अनियंत्रित होने के बाद डिवाइडर से टकराकर पलट गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. जांच के क्रम में पाया कि वैन, बीयर और अंग्रेजी शराब की पेटियों से भरा था.
जिसे जेसीबी की सहायता से खड़ा कर थाना परिसर लाने के बाद पुलिस अग्रेतर कार्रवाई में जुट गई. यह मामला सोमवार देर रात की बताई जा रही है. थानाध्यक्ष शंख राज कर्ण के मुताबिक वाहन के अंदर से 1519 लीटर विभिन्न उत्पादों के बीयर और अंग्रेजी शराब बरामद हुई है. वहीं पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर इस बात की जांच कर रही है कि बीयर और शराब की खेप किसकी थी और किन लोगों के द्वारा पश्चिम बंगाल से बिहार में इसकी तस्करी की जा रही थी.
घटना के बाद वाहन चालक एवं अन्य संबंधित लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है जो मौके से फरार है. पौआखाली थानाध्यक्ष शंख राज कर्ण ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. मामले की पड़ताल में पुलिस इंस्पेक्टर पंकज कुमार पंत भी मंगलवार को पौआखाली थाना पहुंचे हुए थें.
























