रक्तदान शिविर का जिला पदाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित किया शुभारंभ
किशनगंज। इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, किशनगंज द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन जिला पदाधिकारी सह रेड क्रॉस अध्यक्ष नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया तथा कहा कि रक्तदान महादान है और इससे अनेक लोगों का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
शिविर में किशनगंज पुलिस परिवार की ओर से उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई गई, जिसमें 39 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। रक्तदान शिविर के सफल आयोजन में चिकित्सकों एवं स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

कार्यक्रम में डॉ. इच्छित भारत, इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी, किशनगंज के सचिव मिक्की साहा, शंकर लाल महेश्वरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं रेड क्रॉस के सदस्य उपस्थित थे।

रक्तदान शिविर का उद्देश्य समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना है। उपस्थित सभी लोगों ने रक्तदान को मानवता की सच्ची सेवा बताते हुए इस अभियान की सराहना की।


























