किशनगंज/प्रतिनिधि
आगामी मोहर्रम पर्व को लेकर सोमवार को टाउन थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम अनिकेत कुमार ने की। इस दौरान एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज, स्वच्छता पदाधिकारी स्वरूपम राज, विभिन्न लाइसेंसधारी, बुद्धिजीवी, जनप्रतिनिधि तथा जिले के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। एसडीएम अनिकेत कुमार ने कहा कि सभी समुदायों एवं संबंधित पक्षों के सहयोग और समन्वय से बैठक सफल रही। उन्होंने बताया कि पर्व के दौरान सभी चिन्हित स्थलों पर पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। शहर के अधिकांश क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय हैं तथा प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहेगा।
उन्होंने कहा कि सिविल सोसायटी की ओर से प्रमुख चौक-चौराहों पर स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा मेडिकल टीम और अग्निशमन विभाग की गाड़ियां भी तैयार रहेंगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। प्रशासन द्वारा पर्व को लेकर व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
वहीं एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज ने कहा कि मोहर्रम पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सभी संवेदनशील एवं प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि किशनगंज पुलिस शांतिपूर्ण माहौल में पर्व को सफल बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।


























