छह विषयों में हो रहा है नामांकन
अब तक 60 छात्र – छात्राओं ने लिया नामांकन
नवसृजित राजकीय डिग्री महाविद्यालय कोचाधामन में प्रथम मेधा सूची के आधार पर अब तक 60 छात्र – छात्राओं ने नामांकन लिया है। शेष चयनित 60 छात्र – छात्राओं के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 22 जून निर्धारित है। नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए छात्र – छात्राओं की हर संभव सहायता की जा रही है।
पूर्णियाँ विश्वविद्यालय की अंगीभूत इकाई के रूप में खोले गए इस कॉलेज में यूजी सीबीसीएस प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-30 में फिलहाल छह विषयों यथा हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र एवं समाज शास्त्र पढ़ाई होगी। सम्प्रति महाविद्यालय के लिए अस्थायी कक्षा संचालन संस्थान +2 उच्च विद्यालय, धनपुरा निर्धारित किया गया है।
प्रधानाचार्य प्रो.(डॉ.) सजल प्रसाद ने बताया कि जिला प्रशासन के द्वारा एल ए ई ओ के माध्यम से विद्यालय के पुराने भवन का जीर्णोद्धार कार्य कराया जा रहा है। छात्र – छात्राओं के लिए अलग – अलग शौचालय बनाए जा रहे हैं। और, डीएम की अध्यक्षता में गठित क्रय समिति के निर्णयानुसार चयनित एजेंसी द्वारा क्लास रुम में बेंच – डेस्क सहित अन्य आवश्यक सामानों की आपूर्ति भी सुनिश्चित कराई जाएगी।
पूर्णियाँ विश्वविद्यालय, पूर्णियाँ के कुलपति प्रो.(डॉ.) विवेकानन्द सिंह के निर्देशानुसार कॉलेज में प्रधानाचार्य के अलावा अभी असिस्टेंट प्रोफेसर – सह – बर्सर प्रकाश रंजन दीन एवं शिक्षकेतर कर्मी राजीव कुमार गुप्ता पदस्थापित हैं। लेकिन, शीघ्र सभी विषयों में शिक्षकों की पदस्थापना की संभावना है।
कुलपति के निर्देशानुसार सभी वर्गों की छात्राओं सहित अनुसूचित जाति एवं जनजाति के छात्रों का निःशुल्क नामांकन हो रहा है। अन्य वर्गों के छात्रों को नामांकन शुल्क 2255 रुपए देय है और सभी नामांकित छात्र-छात्राओं के लिए पंजीयन शुल्क के रूप में 600 रुपए देय है। शुल्क बैंक चालान के माध्यम से लिए जा रहे हैं। नामांकन एवं पंजीयन शुल्क प्राप्त होने के बाद कॉलेज द्वारा छात्र – छात्राओं को मुद्रित रसीद दी जाती है।




























