टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह
प्रखंड क्षेत्र के चिल्हनियां पंचायत अंतर्गत सुहिया हाट के होनहार युवा सौरव कुमार ने बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा में सफलता प्राप्त कर पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। सौरव कुमार का चयन ग्रामीण विकास अधिकारी (Rural Development Officer) पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और जिले में खुशी का माहौल है।
सौरव कुमार, सुहिया हाट निवासी सुनील कुमार गुप्ता के पुत्र तथा स्वर्गीय सिकंदर प्रसाद साह के पौत्र हैं। साधारण ग्रामीण परिवेश से निकलकर उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। उनकी उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है।
सौरव कुमार की सफलता की खबर मिलते ही गांव में बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिजनों, मित्रों, ग्रामीणों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उन्हें मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। लोगों ने कहा कि सौरव ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे टेढ़ागाछ प्रखंड और किशनगंज जिले का सम्मान बढ़ाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद सौरव ने कठिन परिश्रम और निरंतर अध्ययन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और प्रयास ईमानदारी से किया जाए तो किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है। सौरव कुमार ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवारजनों, गुरुजनों एवं शुभचिंतकों को दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास अधिकारी के रूप में वे ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, जनकल्याण और सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
सौरव कुमार की इस शानदार उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है। लोगों को उम्मीद है कि वे अपने पद की गरिमा के अनुरूप कार्य करते हुए समाज और क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।




























