संवाददाता /किशनगंज:
किशनगंज में फर्जी जीएसटी चालान के सहारे कोयला का परिवहन करने वाले माफियाओं के खिलाफ पुलिस के द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत किशनगंज पुलिस ने अवैध कोयला तस्करी के बड़े सिंडिकेट पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। किशनगंज पुलिस ने सोमवार को किशनगंज , ठाकुरगंज व गलगलिया थाना क्षेत्र के सड़कों में छापेमारी कर अवैध कोयला लदे 9 ट्रकों को जब्त किया है।
एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ मंगलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने इस कार्रवाई में गलगलिया थाना क्षेत्र से दो , ठाकुरगंज थाना क्षेत्र से 6 और किशनगंज थाना क्षेत्र से एक कोयला लदे ट्रक को जब्त किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर जीएसटी विभाग के अधिकारियों को बुलाया गया।जिनके द्वारा चालान की जांच की गई जो कि फर्जी पाया गया।जिसके बाद आधा दर्जन वाहन मालिकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया ।
गौरतलब हो कि इससे पहले भी चार वाहन चालकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था ।इस संबंध में गलगलिया,किशनगंज और ठाकुरगंज थाना में मामला दर्ज किया गया है ।पुलिस की लगातार कार्रवाई के बाद माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है वही बुद्धिजीवी वर्ग पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की सराहना कर रहे हैं।
























