राहुल कुमार/किशनगंज
लोक आस्था के महापर्व चैती छठ के तीसरे दिन आज किशनगंज जिले के विभिन्न छठ घाटों पर भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। जिले के सातों प्रखंडों यथा किशनगंज, बहादुरगंज, पोठिया, ठाकुरगंज, दिघलबैंक टेढ़ागाछ में छठ महापर्व को लेकर उमंग का माहौल देखा गया।
चिलचिलाती धूप के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था भारी पड़ी और शाम होते-होते शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों के छठ घाटों पर भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ा। छठ पूजा को लेकर जिले के प्रमुख घाटों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।भक्ति गीतों से माहौल पूरा भक्तिमय हो उठा।
माथे पर दउरा लिए श्रद्धालु और नंगे पांव चलते व्रतियों के उत्साह ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। छठ व्रतियों ने पवित्र जलाशयों में खड़े होकर पूरी श्रद्धा के साथ अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित किया।
सुख, शांति और समृद्धि की कामना के साथ व्रतियों ने डूबते सूर्य की आराधना की। इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। स्थानीय समितियों और नगर परिषद द्वारा घाटों की साफ-सफाई और लाइटिंग की विशेष व्यवस्था की गई थी। मालूम हो कि बुधवार को उगते हुए भगवान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय अनुष्ठान समाप्त होगा
























