कटिहार ग्रामीण – “या देवी सर्वभूतेषु स्कन्द माता रूपेण संस्थिता” के उद्घोष के साथ वासंती नवरात्र के पांचवें दिन श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर मां दुर्गा के पांचवें स्वरूप स्कन्द माता की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।अर्द्धनारीश्वर गौड़ी शंकर महादेव मंदिर प्रांगण स्थित सार्वजनिक चैती दुर्गा स्थान में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
धर्माचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां स्कन्द माता का आह्वान कर पूजा संपन्न कराई। पूरे वातावरण में भक्ति, आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता रहा। पूजा अनुष्ठान में यजमान की भूमिका राकेश श्रीवास्तव ‘सोनू’ द्वारा निभाई जा रही है, जो पूरे समर्पण भाव से पूजा में सहभागिता कर रहे हैं। वहीं, पुरोहित रामचन्द्र पांडे वैदिक नियमों और परंपराओं का पालन करते हुए श्रद्धालुओं के साथ मिलकर मां दुर्गा की आराधना में जुटे हुए हैं।
आयोजन को सफल बनाने में दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी भी सराहनीय रही। पंकज श्रीवास्तव, बंटी श्रीवास्तव और पवन चौरसिया सहित अन्य सदस्यों ने व्यवस्था संभालने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पूरे दिन श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। मंदिर परिसर भक्ति गीतों और मंत्रोच्चार से गूंजता रहा। जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। आयोजकों ने आने वाले दिनों में भी इसी तरह श्रद्धालुओं की सुविधा और पूजा की भव्यता बनाए रखने का संकल्प जताया।




























