मनिहारी /कटिहार – मनिहारी नगर में श्रीमद् भागवत ज्ञानगंगा कथा के शुभारंभ के अवसर पर सोमवार को भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई। जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूरे नगर को भक्तिमय बना दिया। गंगातट से आरंभ हुई इस शोभा यात्रा में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त भागवत कथा वाचिका पूज्य साध्वी समाहिता दीदी की पावन उपस्थिति में निकली इस यात्रा ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।

उनके सान्निध्य में श्रद्धालु काफी उत्साहित नजर आए। शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं और माताओं ने सिर पर कलश लेकर भाग लिया, जो भक्ति और समर्पण का प्रतीक बना। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए कथास्थल तक पहुंची। इस दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूल वर्षा कर स्वागत किया और भजन-कीर्तन व जयकारों से वातावरण गूंज उठा।
पूरा क्षेत्र “हरि नाम” और “जय श्री कृष्ण” के उद्घोष से भक्तिमय हो गया। मां गंगा भागवत कथा आयोजन समिति के सदस्य सहित हजारों सनातन धर्मावलंबी इस अवसर पर उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।
आयोजन समिति ने बताया कि 23 मार्च से 30 मार्च तक प्रतिदिन संध्या 5 बजे से पूज्य साध्वी समाहिता दीदी द्वारा श्रीमद् भागवत कथा का वाचन किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालुओं को भागवत कथा के माध्यम से धर्म, भक्ति और ज्ञान की अमृतमयी धारा का श्रवण करने का अवसर मिलेगा। यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक जागरूकता, सामाजिक एकता और आध्यात्मिक ऊर्जा को बढ़ावा देने का कार्य कर रहा है।




























