जीविका दीदी के स्टॉल पर लोगों की रही भीड़
बिहार दिवस के शुभ अवसर पर किशनगंज के खगड़ा स्टेडियम में जीविका स्टॉल, लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। जिला पदाधिकारी विशाल राज, उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने जीविका दीदी की रसोई के जायकेदार व्यंजन, कॉफी का स्वाद चखा।
दीदियों द्वारा तैयार जायकेदार व्यंजन के स्वाद की तारीफ की। पूरे दिन लोगों की भीड़ जीविका दीदी की रसोई के स्टॉल पर लगी रही। किशनगंज की जीविका दीदियों द्वारा निर्मित महानंदा लीफ चायपत्ती और ओखली में तैयार मसालों की प्रदर्शनी लोगों के ध्यान का केंद्र रहा। जीविका दीदियों के उत्पाद चायपत्ती, ओखली में तैयार मसालों की खूब बिक्री हुई। दिन भर लोगों की भीड़ स्टॉल पर लगी रही।
जीविका की डीपीएम अनुराधा चंद्रा ने बिहार दिवस के अवसर पर जिला की सभी जीविका दीदियों को शुभकामनाएं दी। कहा कि किशनगंज जिला, प्रदेश की प्रगति में, जीविका दीदियों की अहम भूमिका रही है। जीविका दीदियों ने अपनी मेहनत, स्वावलंबन, आत्मनिर्भरता से बिहार की गरिमा को और बढ़ाया है। किशनगंज जिला में बीस हजार से अधिक स्वयं सहायता समूह की तीन लाख से अधिक जीविका दीदियाँ, रोजगार स्वरोजगार का अवसर प्राप्त कर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रही है।





























