तेज आंधी-बारिश से टेढ़ागाछ में बिजली व्यवस्था ठप, मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी

SHARE:

किशनगंज /विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार रात्रि करीब 10 बजे आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। इस दौरान बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ उखड़कर बिजली के तारों पर गिर गए, जिससे तार क्षतिग्रस्त हो गए और प्रखंड के विभिन्न इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। अचानक बिजली गुल हो जाने से लोगों को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी।

ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी गंभीर रही, जहां बिजली नहीं रहने से लोगों को पेयजल, मोबाइल चार्जिंग और अन्य दैनिक कार्यों में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर बिजली के खंभों को भी नुकसान पहुंचा है, जिससे आपूर्ति बहाल करने में अतिरिक्त समय लगने की संभावना जताई जा रही है।


आंधी का असर बाजार क्षेत्रों में भी देखा गया, जहां बिजली बाधित होने से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हुईं। छोटे दुकानदारों को भी नुकसान झेलना पड़ा। वहीं, लोगों में सुरक्षा को लेकर भी चिंता देखी गई, क्योंकि टूटे तारों के कारण हादसे की आशंका बनी हुई है।


इस संबंध में कनीय अभियंता प्रजापति शरण ने बताया कि बिजली विभाग की टीम द्वारा मानव बल के सहयोग से युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य किया जा रहा है। क्षतिग्रस्त तारों और खंभों को ठीक करने का काम तेजी से जारी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जैसे ही मरम्मत कार्य पूरा होगा, बिजली आपूर्ति पुनः बहाल कर दी जाएगी।स्थानीय लोगों ने विभाग से जल्द बिजली बहाल करने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन और बिजली विभाग की टीमें स्थिति को सामान्य बनाने में जुटी हुई हैं, जबकि आमजन जल्द राहत मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई