किशनगंज/प्रतिनिधि
जिला पदाधिकारी विशाल राज से बीस सूत्री कार्यक्रम के उपाध्यक्ष सुशांत गोप के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर शहर में लगे लोहे के रेलिंग डिवाइडरों को हटाकर वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में जिला पदाधिकारी को एक ज्ञापन भी सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने जिला पदाधिकारी को अवगत कराया कि शहर में लगाए गए लोहे के रेलिंग डिवाइडरों के कारण लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। इन दुर्घटनाओं को रोकने के लिए उन्होंने लोहे की रेलिंग हटाकर उसकी जगह प्लास्टिक फ्लैक्सिबल बैरिकेड लगाने का प्रस्ताव रखा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पदाधिकारी विशाल राज ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार को निर्देश दिया कि तत्काल कार्रवाई करते हुए शुरुआती 5 मीटर तक लगी रेलिंग को हटाकर वहां प्लास्टिक फ्लैक्सिबल बैरिकेड लगाया जाए। साथ ही अतिरिक्त रेलिंग लगाने की जगह पर फिलहाल रस्सी का उपयोग करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने लोहार पट्टी में बन रहे पुल के एलाइनमेंट को लेकर भी जिला पदाधिकारी से चर्चा की। इस पर जिला पदाधिकारी ने इंजीनियरिंग सेल को गूगल अर्थ मैप प्रस्तुत करने तथा स्वयं स्थल निरीक्षण करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जल्द ही इंजीनियरिंग टीम के साथ स्थल निरीक्षण कर यथासंभव वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।





























