पैक्स चुनाव को लेकर जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कर्मचारियों को दिए अहम निर्देश

SHARE:

संवाददाता/किशनगंज

जिला पदाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में पैक्स निर्वाचन, 2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन हेतु वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सेक्टर दण्डाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों का संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित किया गया।

पैक्स निर्वाचन, 2026 के अंतर्गत किशनगंज जिला के चार प्रखंड—बहादुरगंज, टेढ़ागाछ, दिघलबैंक एवं ठाकुरगंज में निर्वाचन निर्धारित है। मतदान दिनांक 06.02.2026 को प्रातः 07:00 बजे से अपराह्न 04:30 बजे तक संपन्न होगा, जबकि मतगणना मतदान समाप्ति के तुरंत पश्चात उसी दिन कराई जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया मतपेटिका के माध्यम से संपादित की जाएगी।

निर्वाचन हेतु बहादुरगंज में 08, टेढ़ागाछ में 08, दिघलबैंक में 03 तथा ठाकुरगंज में 23 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। सभी सेक्टर दण्डाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे प्रत्येक दो घंटे में रिपोर्ट प्रस्तुत करें तथा मतदान समाप्ति तक अपने-अपने सेक्टर अंतर्गत सभी मतदान केंद्रों का निरंतर भ्रमण सुनिश्चित करें।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि सेक्टर दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रमुख जिम्मेदारी शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित मतदान संपन्न कराना है। किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल अपने वरीय पदाधिकारी को सूचित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि सभी पदाधिकारी समय से अपने-अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहें।

पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देश दिया गया कि सभी पुलिस पदाधिकारी निर्धारित समय पर मतदान केंद्रों पर पहुंचकर विधि-व्यवस्था संधारण सुनिश्चित करें तथा यह विशेष रूप से ध्यान रखें कि किसी भी प्रत्याशी अथवा उनके समर्थक मतदान केंद्र के 200 मीटर की परिधि के भीतर उपस्थित न रहें। उक्त नियम का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।

इस अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी सेक्टर दण्डाधिकारी एवं संबंधित पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!