19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, ठाकुरगंज में संविधान दिवस पर हुआ कार्यक्रम

SHARE:

ठाकुरगंज/कुलभूषण सिंह

19वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, ठाकुरगंज में बुधवार को संविधान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत कार्यवाहक कमांडेंट श्री एम. ब्रोजेन सिंह द्वारा की गई।

अपने संबोधन में श्री सिंह ने संविधान अंगीकार किए जाने की 76वीं वर्षगांठ पर सभी को बधाई दी और कहा कि यह दिन हमें हमारे महान संविधान एवं इसके निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि हमारा नारा “हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान” केवल एक वाक्य नहीं, बल्कि देश की एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को अपनाया गया संविधान भारत के भविष्य की मजबूत, समावेशी और लोकतांत्रिक नींव है। यह न सिर्फ नागरिकों को अधिकार प्रदान करता है, बल्कि कर्तव्यों का बोध भी कराता है। संविधान में निहित मूल अधिकार, नीति निदेशक सिद्धांत और कर्तव्य हमें समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व जैसे मूल्यों का पालन करने की प्रेरणा देते हैं।

डॉ. अंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए श्री सिंह ने कहा, “संविधान चाहे कितना भी अच्छा क्यों न हो, यदि इसे लागू करने वाले लोग अच्छे नहीं हैं तो वह विफल हो सकता है, और यदि लागू करने वाले अच्छे हों तो खराब संविधान भी सफल सिद्ध हो सकता है।” उन्होंने कहा कि संविधान तभी सशक्त बनेगा जब उसके आदर्शों को हम अपने जीवन में उतारेंगे।

इस अवसर पर अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और बलकर्मियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में सभी ने संविधान के प्रति निष्ठा और देशहित में अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का संकल्प लिया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई