युवा खेल मंत्रालय द्वारा सरदार पटेल की 150 वीं जयंती पर पदयात्रा का आयोजन
24 नवंबर को अररिया में पदयात्रा का आयोजन
युवाओं में राष्ट्रीय गौरव को जगाना है पदयात्रा का उद्देश्य- सांसद
आम जनमानस में एकता का संदेश देगी पदयात्रा- सांसद
पदयात्रा में शामिल होंगे हज़ारों अररियावासी- सांसद
जिला प्रशासन अगुवाई में निकाली जाएगी पदयात्रा
अररिया /बिपुल विश्वास
युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत विंग द्वारा देश भर में विकसित भारत पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस पदयात्रा का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव जगाना, समाज के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाना और एकता की भावना को मजबूत करना है। 24 नवंबर को अररिया में होने वाली इस पदयात्रा कार्यक्रम के निमित्त जिला अतिथि गृह अररिया में जिला प्रेसवार्ता का आयोजन किया।

जिसमें अररिया से सांसद प्रदीप कुमार सिंह, अनुमंडल पदाधिकरी रवि प्रकाश , जिला युवा अधिकारी अंजली कुमारी जी मौजूद रही। पत्रकारों को संबोधित करते हुए सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन भागीदारी से राष्ट्र निर्माण तक के विजन से प्रेरित है। इसमें युवा से लेकर वरिष्ठ नागरिक तक, सभी मिलकर देश के इतिहास को याद करते हैं और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाते हैं। खासकर अमृत पीढ़ी यानी आज के युवाओं की भूमिका पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुझे खुशी है कि अररिया में इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। सांसद ने कहा कि इसी पहल के तहत, 6 अक्टूबर 2025 को मंत्रालय ने Sardar@150 Unity March की शुरुआत की। यह भारत सरकार और MY Bharat की पहल है, जो भारतीय एकता व अखंडता के सूत्रधार लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को समर्पित है।
इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में एकता, देशभक्ति और कर्तव्य भावना को जागृत करना है। सरदार पटेल ने जिस तरह बिखरे हुए भारत को एक भारत बनाया, उसी भावना को यह पदयात्रा आगे बढ़ाएगी। इस अभियान के जरिए युवाओं को एक भारत और आत्मनिर्भर भारत के आदर्श अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
अररिया जिले में पदयात्रा का आयोजन 24 नवम्बर .2025 को सुबह 8 बजे अररिया कॉलेज, अररिया से +2 राजकीय उच्च विद्यालय, अररिया(चांदनी चौक) तक किया जाएगा। सांसद ने अररिया जिले के सभी युवाओं एवं युवतियों से इस ऐतिहासिक पहल से जुड़कर राष्ट्र के धरोहर को सम्मान देने का आग्रह किया।




























