जिले में रुक रुक कर दिन भर होती रही बारिश
ठाकुरगंज/प्रतिनिधि
बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान मोंथा के असर से
ठाकुरगंज क्षेत्र में हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है। आसमान में छाए काले बादल और लगातार हो रही बारिश ने ठंड की आहट को और तेज कर दिया है। लोगों ने अब हल्के गरम कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं। वहीं, बारिश से जनजीवन पर भी असर देखने को मिल रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, यह बदलाव मोंथा के असर से हुआ है, जिसकी वजह से बादल छाए हुए हैं और रुक-रुक कर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आने वाले 2 नवंबर तक बारिश की संभावना जताई है। बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे ठंड का असर अब धीरे-धीरे बढ़ने लगा है।
हालांकि, इस बारिश ने जहां आम लोगों को ठंड का एहसास कराया है, वहीं किसानों की परेशानी भी बढ़ा दी है। वर्तमान समय में क्षेत्र के अधिकांश किसान धान की कटाई में जुटे हुए हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण कई किसानों की फसलें खेतों में ही भीग गई हैं, जिससे उन्हें नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है। कटे हुए धान को सुखाने में भी किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय किसानों ने बताया कि बारिश अगर इसी तरह जारी रही तो खेतों में पड़े धान में अंकुर फूटने की संभावना है, जिससे उपज पर बुरा असर पड़ेगा। किसानों ने सरकार से फसल क्षति के आकलन और मुआवजे की मांग की है।
फिलहाल, मौसम विभाग की चेतावनी के बाद लोग सतर्क हैं। तापमान में गिरावट के साथ ही ठाकुरगंज में अब ठंड ने औपचारिक रूप से दस्तक दे दी है।


























