किशनगंज /सागर चन्द्रा
नए साल की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गई जब सड़क हादसे में एक युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। मालूम हो की रविवार शाम ब्लॉक चौक के निकट ऑटो की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। जबकि एक अन्य घायल को स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक की पहचान पुर्णिया जिले के रौटा निवासी मनीष कुमार पिता संपत सोनार के रूप में और घायल की पहचान रौटा निवासी संजय सोनार पिता डोमा स्वर्णकार के रूप में की गई।

सदर अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद घायल संजय को हायर सेंटर रैफर कर दिया गया। मृतक और घायल के बीच मामा भांजे का रिश्ता बताया जाता है। मृतक के परिजनों ने बताया कि नव वर्ष के दिन घायल संजय सोनार अपने भांजे मनीष के साथ रोटा से अपने बहन के घर किशनगंज स्थित तघरिया आया था। शाम को वापस जाने के दौरान ब्लॉक चौक के समीप ऑटो की ठोकर से भांजे की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
मृतक की शादी दो वर्ष पूर्व स्थानीय सोनारपट्टी निवासी युवती के साथ हुई थी। जिससे उसे एक संतान भी है। इधर घटना की जानकारी मिलते ही मृतक और घायल के परिजन सदर अस्पताल पहुंच गए। परिजनों के कारूणिक क्रंदन से पूरे अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया। इधर घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची टाउन थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
































