जबरन देहव्यापार का धंधा करवाने के आरोप में तीन महिला सहित 11 के खिलाफ पुलिस ने मामला किया दर्ज

बेहतर न्यूज अनुभव के लिए एप डाउनलोड करें

संचालिका सहित चार को भेजा गया जेल।

किशनगंज /सागर चन्द्रा

नाबालिग लड़की से जबरन देहव्यापार का धंधा कराने मामले में बरामद पीड़िता के फर्द बयान के आधार पर महिला थाना में तीन महिला सहित कुल 11 लोगों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच कर रही पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार चकलाघर संचालिका सहित चार अन्य लोगों का सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराया। जांच में फिट पाये जाने के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं पुलिसिया पूछताछ के दौरान बरामद पीड़िता ने कई सनसनीखेज खुलासे किए।

जिसे सुनकर पुलिस अधिकारियों के भी होश फाख्ता हो गये। पीड़िता के अनुसार दो वर्ष पूर्व वह अपने नानी के घर जाने के लिए घर से निकली थी। लोकल ट्रेन में सफर के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे बेहोशी की दवा दे दी। जब उसे होश आया तो उसने खुद को खगड़ा माछमारा स्थित कमरे में बंद पाया। पीड़िता को मानव तस्करों ने किशनगंज खगड़ा रेड लाइट एरिया में बेच दिया था। जहां उसे तरह तरह की यातनाएं देकर जबरन देह व्यापार का धंधा कराया जाता था।

पीड़िता ने कल्याणपूर समस्तीपूर के कृष्ण कुमार चौधरी व खगड़ा के बिनोद कुमार खलीफा पर नशीला पदार्थ खिलाकर लोकल ट्रेन से गायब करने का आरोप लगाया गया है। जबकि जबरन देह व्यापार करवाये जाने के मामले में खगड़ा के कृष्णा खलीफा, अंजू देवी, प्रमोद खलीफा, आजाद ,मिनी, मारूफ, विवेक कुमार व अमर कुमार के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। उसने पुलिस को बताया कि उसे जब किशनगंज खगड़ा रेड लाइट एरिया लाया गया तो घर से बाहर नहीं निकलने दिया जाता था।

पांच माह के बाद उसे यह पता चला की उसे खगड़ा रेड लाइट एरिया में रखा गया है। चकलाघर संचालकों ने उसका नाम भी बदल दिया था ताकि उसकी पहचान ना हो सके। इस दौरान उसे कभी इस्लामपूर, पांजीपाड़ा तो कभी गुलावबाग तो फिर किशनगंज खगड़ा रेड लाइट एरिया में रखा जाता था। इतना नहीं नहीं नामजद आरोपियों के द्वारा युवती के साथ दुष्कर्म भी किया जाता था।

नाबालिग को तरह तरह की यातनाएं दी जाती थी। पीड़िता वहां से निकलना भी चाहती थी तो देह व्यापार करवाने वालों के सख्त पहरे के कारण चाह कर भी वहां से निकल नहीं पाती थी। कई बार वह वहाँ से निकलने की कोशिश भी करती थी लेकिन सफल नहीं हो पाती थी। बहरहाल केस दर्ज किये जाने के बाद बाद पुलिस मामले के फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

जबरन देहव्यापार का धंधा करवाने के आरोप में तीन महिला सहित 11 के खिलाफ पुलिस ने मामला किया दर्ज