पुलिस ने सुलझाई युवक के हत्याकांड की गुत्थी, एक आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

बेहतर न्यूज अनुभव के लिए एप डाउनलोड करें

किशनगंज /सागर चंद्रा

टाउन थाना पुलिस ने खगड़ा चपरासी टोला निवासी बबलू दास हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है। मामले की वैज्ञानिक अनुसंधान के बाद पुलिस ने एक हत्यारोपी को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपी बोरोदा मुर्मु पिता जहोन मुर्मु कजलामनी वार्ड नंबर 19 निवासी बताया जाता है। पुलिस ने आरोपी को शनिवार सुबह गुप्त सूचना पर उसके घर से उस वक्त गिरफ्तार किया जब वह फरार होने कोशिश कर रहा था। गिरफ्तार आरोपी से आवश्यक पूछताछ के बाद पुलिस ने सदर अस्पताल में उसका मेडिकल जांच कराया।

जांच में फिट पाये जाने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। बताते चलें कि गत शुक्रवार शाम बबलू दास का शव रमजान नदी किनारे से संदिग्ध हालात में बरामद किया गया था। घटना के बाद एसपी इनामुल हक मेगनु के निर्देश पर टाउन थानाध्यक्ष अमर प्रसाद सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई। पूछताछ के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी थी कि शुक्रवार को बबलू को कजलामनी में देखा गया था।

जानकारी के बाद पुलिस ने अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया। पुलिस को वैज्ञानिक अनुसंधान के क्रम में कुछ महत्वपूर्ण सुराग भी हाथ लगे। जिसके आधार पर पुलिस ने घटना के 12 घण्टे के अंदर बोरोदा मुर्मु को गिरफ्तार कर लिया। जबकि घटना में शामिल अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिये पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

हालांकि पुलिस ने बबलू की मौत के कारणों का खुलासा अबतक नहीं किया है। लेकिन सुत्रों की मानें तो आरोपियों ने हत्या से पूर्व बबलू की बेरहमी से पिटाई करने के बाद नाक और मुंह दबा कर उसकी हत्या कर दी और सुनसान स्थान पर शव को ठिकाने लगा दिया था। थानाध्यक्ष अमर प्रसाद सिंह ने बताया कि बबलू हत्याकांड में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पुलिस ने सुलझाई युवक के हत्याकांड की गुत्थी, एक आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल