किशनगंज में अकीदत के साथ मनाया गया चेहल्लुम का पर्व, सुरक्षा का दिखा पुख्ता इंतजाम

SHARE:

किशनगंज /प्रतिनिधि

किशनगंज में चेहल्लुम का पर्व अकीदत के साथ मनाया गया। चेहल्लुम के अवसर पर अलग अलग मोहर्रम कमेटियों के द्वारा अखाड़ा जुलूस निकाला गया और इमाम हुसैन की शहादत को याद किया गया ।जुलूस में शामिल मुस्लिम समुदाय के लोग या हुसैन या अली का नारा लगाते दिखे।वही जुलूस में शामिल युवाओं के द्वारा जम कर लाठी खेल का करतब दिखाया गया ।

चेहल्लुम पर्व को लेकर जिले में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।मालूम हो की जिले के 245 स्थानों पर मजिस्ट्रेट के साथ साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी। वही अति-संवेदनशील स्थलों पर एहतियात के तौर पर सोमवार की शाम से ही मजिस्ट्रेट और पुलिस जवानों की तैनाती कर दी गई थी। इसके अलावा, किसी भी आपात स्थिति से निपटने और पल-पल की जानकारी जुटाने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष में कर्मियों की तैनाती की गई थी।

सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए डीएम नवीन कुमार और एसपी संतोष कुमार लगातार अपने कनिष्ठ अधिकारियों से स्थिति की जानकारी लेते रहे। वहीं, धरातल पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम अनिकेत कुमार, एसडीपीओ-2 मनोज कुमार सिंह, सर्किल इंस्पेक्टर आर बी राय तथा किशनगंज सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार दल-बल के साथ विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लेते रहे।

पर्व के दौरान आम लोगों को आवागमन में असुविधा न हो, इसके लिए शहर के प्रमुख चौकों पर यातायात नियंत्रण बोर्ड लगाए गए थे।किसी भी तरह की भ्रामक खबर या अफवाह फैलने से रोकने के लिए पुलिस की सोशल मीडिया सेल इंटरनेट मीडिया पर पैनी नजर बनाए हुए थी।प्रशासनिक मुस्तैदी और पुलिस की चौकसी के कारण जिले भर में चेहल्लुम का पर्व शांति और भाईचारे के साथ संपन्न हुआ।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!