किशनगंज प्रखंड व अंचल कार्यालय का डीएम ने किया निरीक्षण, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के दिए निर्देश

SHARE:

संवाददाता/किशनगंज

जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने बुधवार को भ्रमण कार्यक्रम के दौरान किशनगंज प्रखंड कार्यालय एवं अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं का जायजा लेकर कार्यालयों में संचालित कार्यों, अभिलेखों के संधारण, साफ-सफाई, समयबद्ध सेवा वितरण तथा आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की।


निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्य निष्पादन में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करने तथा कार्यशैली में आवश्यक सुधार लाने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने, कार्यालय व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।


उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समय पर एवं सुगमता से मिल सके।


निरीक्षण के क्रम में प्रखंड एवं अंचल कार्यालय सह आवासीय भवन के निर्माण कार्य में तेजी लाने का भी निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने जीविका दीदियों द्वारा संचालित स्कूल ड्रेस सिलाई केंद्र, बुनियाद केंद्र तथा एसबीआई बैंक द्वारा संचालित आरसेटीआई प्रशिक्षण केंद्र का भी निरीक्षण किया और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।


इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!