संवाददाता/किशनगंज
किशनगंज शहर के मोहिद्दीन पुर वार्ड नंबर 1 स्थित एक हॉस्टल के कमरे से गुजरिया निवासी तजल्ली खातून पिता- मोहम्मद कलीम का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला। मृतिका शहर के पश्चिम पाली स्थित रेडिएंट हॉस्पिटल में बतौर नर्स कार्यरत थी और इरशाद आलम के हॉस्टल में किराए पर रह रही थी।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत परिजनों और स्थानीय पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया में जुट गई है। पुलिस मामले की गहन छानबीन कर रही है।परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है ।
परिजनों ने रेडिएंट हॉस्पिटल के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस घटना के पीछे उन्हीं का हाथ है। परिजनों के अनुसार, तजल्ली खातून ने घटना से कुछ ही समय पहले अपने फेसबुक अकाउंट पर खुशमिजाज अंदाज में एक स्टेटस भी पोस्ट किया था। ऐसे में अचानक उसकी मौत से कई सवाल खड़े हो रहे हैं।फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और अनुसंधान के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो पाएगी।



























