मनिहारी – बिहार के विभिन्न जिलों में ड्यूटी के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारियों पर हुए हमलों के विरोध में बुधवार को मनिहारी प्रखंड कार्यालय में भी प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी सनत कुमार के नेतृत्व में प्रखंड कार्यालय के अधिकारियों ने काली पट्टी बांधकर अपने दैनिक कार्यों का निष्पादन किया।
इस दौरान सभी सरकारी कार्य सामान्य रूप से संचालित होते रहे। मनिहारी बीडीओ सनत कुमार ने बताया कि हाल के दिनों में छपरा सदर और रिविलगंज के बीडीओ पर ड्यूटी के दौरान हुए हमले की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सरकारी अधिकारियों पर इस प्रकार के हमले न केवल प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावित करते हैं,बल्कि कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों के मनोबल पर भी प्रतिकूल असर डालते हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार ग्रामीण विकास सेवा संघ के आह्वान पर पूरे राज्य में यह शांतिपूर्ण एवं सांकेतिक विरोध दर्ज कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य सरकार का ध्यान अधिकारियों की सुरक्षा व्यवस्था की ओर आकर्षित करना है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। बीडीओ ने कहा कि संघ की ओर से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर ड्यूटी के दौरान अधिकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा बल उपलब्ध कराने तथा जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में कार्यरत अधिकारियों के लिए प्रभावी सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू करने की मांग की गई है।
इसके अलावा हमले में घायल अधिकारियों के लिए समुचित उपचार, मुआवजा और आवश्यक प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने की भी मांग रखी गई है। सनत कुमार ने कहा कि सरकारी अधिकारी जनता की सेवा और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निरंतर कार्य करते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक निर्णय लेगी। प्रखंड कार्यालय में काली पट्टी बांधकर किए गए इस सांकेतिक विरोध के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े सभी आवश्यक कार्य पूर्व की भांति जारी रहेंगे और आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। विरोध प्रदर्शन का उद्देश्य केवल अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर अपनी चिंता और मांग सरकार तक पहुंचाना है, ताकि वे निर्भय होकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।


























