जिला पदाधिकारी ने कटाव प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा, दिए जरूरी निर्देश

SHARE:

मुरलीधर झा /दिघलबैंक

मानसून के दस्तक देने से पहले किशनगंज के जिलाधिकारी नवीन कुमार ने शनिवार को दिघलबैंक प्रखंड क्षेत्र के कटाव प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ने कनकई नदी से सर्वाधिक प्रभावित ग्वालटोली और पत्थरघट्टी क्षेत्र पहुंचकर हालात का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान डीएम ने बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल द्वारा कराए जा रहे कटाव रोधी कार्यों की प्रगति देखी। जियो बैग डंपिंग, बांस पाइलिंग एवं बोल्डर कार्य की धीमी गति पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। मौके पर मौजूद कार्यपालक अभियंता एवं अन्य अधिकारियों को काम में तेजी लाने का सख्त निर्देश दिया गया।


डीएम नवीन कुमार ने कहा कि मानसून पूर्व सभी संवेदनशील एवं कटाव प्रभावित स्थलों पर 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि बाढ़ के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बड़े खतरे का कारण बन सकती है। अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने तथा संसाधनों को मुस्तैद रखने को कहा गया है।


डीएम के निरीक्षण के बाद स्थानीय ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि इस बार मानसून से पहले कटाव रोधी कार्य पूरे हो जाएंगे। गौरतलब है कि हर साल कनकई नदी के कटाव से ग्वालटोली-पत्थरघट्टी क्षेत्र के सैकड़ों एकड़ खेत नदी में समा जाते हैं।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई