बेटियों को पढ़ाइए,शादी की चिंता मत कीजिए”सम्मान समारोह में भावुक हुईं बीपीएससी में सफल ऐश्वरी

SHARE:

समाज के तानों के बीच माता-पिता ने किया विश्वास

उसी बेटी ने बढ़ाया पूरे बारसोई का मान

बारसोई /कटिहार – 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग परीक्षा में सफलता प्राप्त कर प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी बनी बारसोई की बेटी ऐश्वरी कुमारी के सम्मान में शुक्रवार को उनके पैतृक आवास के सामने भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान समाज के लोगों ने उन्हें फूलमाला पहनाकर,गुलदस्ता भेंट कर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।

सम्मान से अभिभूत ऐश्वरी अपने माता-पिता के संघर्ष को याद कर भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि एक समय समाज के कई लोग उनके माता-पिता से कहते थे कि बेटी को अधिक पढ़ाने के बजाय उसकी शादी के लिए पैसे जमा करें, लेकिन उनके माता-पिता ने समाज की बातों पर ध्यान न देकर अपनी बेटी की क्षमता पर विश्वास किया और अपनी मेहनत की पूरी कमाई उसकी शिक्षा पर लगा दी। भावुक स्वर में उन्होंने समाज से अपील करते हुए कहा, अगर आपकी बेटी पढ़ना चाहती है तो उसे अवश्य पढ़ाइए, उसकी शादी की चिंता मत कीजिए।

यदि उसमें काबिलियत होगी तो योग्य परिवार स्वयं आपके घर आकर रिश्ते का प्रस्ताव देगा।” उनके इस संदेश पर उपस्थित लोगों ने जोरदार तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया। ऐश्वरी ने अपने गुरुजनों के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कई शिक्षकों ने फीस की परवाह किए बिना उन्हें पढ़ाया और हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने समाज के सभी लोगों के प्रेम, सम्मान और सहयोग के लिए भी धन्यवाद दिया।मौके पर विधायक प्रतिनिधि सागर साह, संजीव कुमार, शिक्षक अनिल भगत, विकास साह, दुलाल चंद्र साह, वार्ड पार्षद दीपक चंद्र दास, नीरज दास, भारती दास, गौतम दास, जॉनी दास, प्रभुदयाल समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। ऐश्वरी की सफलता आज केवल एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि उस विश्वास, संघर्ष और सामाजिक परिवर्तन की कहानी बन गई है, जो यह संदेश देती है कि बेटियां बोझ नहीं, बल्कि परिवार और समाज का सबसे बड़ा गौरव होती हैं।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!