भारत स्काउट एवं गाइड एवं एकलक्ष्य भारत संस्था की ओर से 12 वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आयोजित

SHARE:

कटिहार – एकलक्ष्य भारत संस्था एवं भारत स्काउट एवं गाइड जिला कटिहार के संयुक्त तत्वावधान में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन एसआरएन पब्लिक स्कूल नवनीत नगर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में लीडर ट्रेनर स्काउट सह राज्य योग प्रशिक्षक महत्तम चौधरी ने योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए छात्र-छात्राओं को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।

उन्होंने बताया कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला मुख्य आयुक्त दिनेश दुबे ने विद्यालय परिवार के निदेशक आशीष झा, प्रधानाचार्य पांडव चौधरी, शिक्षक अजय कुमार तथा समस्त विद्यालय परिवार को योग दिवस के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को प्रतिदिन योग करना चाहिए। क्योंकि योग स्वस्थ जीवन का आधार है और इससे शरीर एवं मन दोनों निरोग रहते हैं।

वहीं जिला आयुक्त स्काउट डॉ. आशीष रंजन ने नियमित योगाभ्यास के लाभों पर प्रकाश डालते हुए छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना की तथा इसके लिए उनके अभिभावकों को भी धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक आशीष झा ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की एक संपूर्ण पद्धति है।

आज के आधुनिक एवं तनावपूर्ण जीवन में योग का महत्व और भी बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि यदि बच्चे नियमित रूप से योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं, तो उनका शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास बेहतर होगा।कार्यक्रम के अंत में योग दिवस में सक्रिय सहभागिता करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र सर्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य पांडव चौधरी ने एकलक्ष्य भारत संस्था एवं जिला संस्था द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम के लिए सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई