अवैध बालू खनन पर छत्तरगाछ पुलिस का शिकंजा, बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त, माफियाओं में मचा हड़कंप

SHARE:

सतमेरी, सिंघिमाड़ी, गुवाबाड़ी सहित कई नदी घाटों पर धड़ल्ले से जारी अवैध खनन, मुख्य सड़कों पर बेखौफ दौड़ रहे ओवरलोड ट्रैक्टर

पोठिया/किशनगंज/राज कुमार

पोठिया प्रखंड क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध बालू खनन और परिवहन के खेल पर पुलिस ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। छत्तरगाछ पुलिस कैंप के नए प्रभारी शैलेश कुमार ने पदभार संभालने के बाद अवैध खनन कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार की अहले सुबह पुलिस की कार्रवाई में अवैध रूप से बालू लदे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया गया। इस कार्रवाई के बाद बालू के अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब पांच बजे कैंप प्रभारी शैलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्ती कर रही थी। इसी दौरान छत्तरगाछ-खानका मुख्य मार्ग स्थित अठ्याबाड़ी मोड़ के समीप दो ट्रैक्टर छत्तरगाछ की ओर आते दिखाई दिए। संदेह के आधार पर पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर जांच की। चालकों से बालू परिवहन से जुड़े वैध कागजात मांगे गए, लेकिन वे कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसी बीच मौका पाकर दोनों चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए।


इसके बाद पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर छत्तरगाछ पुलिस कैंप लाया और मामले की जानकारी संबंधित विभाग को दी। जब्त वाहनों के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि पोठिया और पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के सतमेरी, सिंघिमाड़ी, गुवाबाड़ी सहित कई नदी घाटों से अवैध बालू खनन का कारोबार लगातार चर्चा में रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार दिन के उजाले में भी किशनगंज-ठाकुरगंज मुख्य सड़क सहित ग्रामीण सड़कों पर बालू लदे डबल डाला ट्रैक्टर तेज रफ्तार में दौड़ते देखे जा सकते हैं। खासकर छत्तरगाछ क्षेत्र में ऐसे वाहनों की आवाजाही आम बात बनती जा रही है।


ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन से जहां सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है, वहीं नदियों के अस्तित्व और आसपास के क्षेत्रों पर भी असर पड़ रहा है। ओवरलोड वाहनों की तेज रफ्तार से सड़क हादसे की आशंका भी बनी रहती है।


छत्तरगाछ कैंप प्रभारी शैलेश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन, अवैध परिवहन और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर है। कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई