मनिहारी में अनोखी प्रेम कहानी,60 वर्षीय बुजुर्ग ने 25 साल की महिला से रचाई शादी

SHARE:

गांव में बनी चर्चा का विषय

कटिहार ग्रामीण – जिले के मनिहारी प्रखंड के छोटी बाघमारा से एक अनोखी प्रेम कहानी सामने आई है। जिसने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है। यहां 60 वर्षीय एक बुजुर्ग और 25 वर्षीया महिला के बीच ऐसा प्रेम पनपा कि मामला गांव की पंचायत तक पहुंच गया। अंततः गांव वालों की मौजूदगी में दोनों की मंदिर में शादी करा दी गई।

जिसकी चर्चा अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही है।जानकारी के अनुसार मनिहारी थाना क्षेत्र के छोटी बाघमारा गांव निवासी सुग्रीव पासवान (60) कटिहार शहर में रिक्शा चालक के रूप में काम करते हैं। इसी दौरान उनकी पहचान गांव की ही एक 25 वर्षीय महिला से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और यह संबंध प्रेम में बदल गया। उम्र के बड़े अंतर के कारण जब यह मामला सामने आया तो गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। परिजनों और ग्रामीणों को जब दोनों के प्रेम संबंध की जानकारी मिली तो पहले इसका विरोध भी हुआ।

हालांकि समय के साथ मामला शांत हुआ और पंचायत बुलाई गई। पंचायत में दोनों पक्षों की बात सुनी गई। दोनों ने एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने की इच्छा जाहिर की। इसके बाद पंचायत ने आपसी सहमति से इस रिश्ते को मान्यता देने का निर्णय लिया। पंचायत के फैसले के बाद गांव के ही एक मंदिर में सादगीपूर्ण माहौल में दोनों की शादी करा दी गई। शादी में गांव के कई लोग एवं महिलाएं मौजूद रहे और पूरे विधि-विधान से मंदिर में विवाह संपन्न कराया गया। इस अनोखी शादी को देखने के लिए आसपास के लोग भी जुट गए।

शादी के बाद यह खबर इलाके में तेजी से फैल गई और सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गई। लोग इस अनोखे प्रेम और शादी को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे सच्चे प्रेम की मिसाल बता रहे हैं तो कुछ लोग उम्र के बड़े अंतर को लेकर सवाल भी उठा रहे हैं।

गौरतलब है कि सुग्रीव पासवान पहले से विवाहित हैं। सुग्रीव के बच्चे भी हैं जबकि प्रेमिका के कोई संतान नहीं हैं। अब दोनों प्रेम विवाह के बाद साथ रहने लगे हैं और अपने नए जीवन की शुरुआत कर चुके हैं। गांव में यह शादी चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई