संवाददाता: अब्दुल करीम
शहर के बस स्टैंड इलाके में ब्रांडेड पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर की शुद्धता पर बड़ा सवालिया निशान खड़ा हो गया है। बिहार बस स्टैंड स्थित एक पान की दुकान से खरीदी गई बिसलेरी कंपनी की पानी की बोतल में गंदगी मिलने से हड़कंप मच गया। एक ग्राहक विक्रम कुमार ने बस स्टैंड स्थित चांद खैनी दुकान से पीने के लिए बिसलेरी की एक बोतल खरीदी थी।
जैसे ही ग्राहक ने पानी पीने के लिए बोतल उठाई, उसकी नजर बोतल के अंदर तैर रही गंदगी पर पड़ी। ब्रांडेड पानी की बोतल में इस तरह की अशुद्धि देखकर ग्राहक हैरान रह गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़ित ग्राहक ने तुरंत कंपनी को ईमेल के जरिए इसकी शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही कंपनी ने संज्ञान लिया और जांच के लिए अपने एक सेल्समैन को मौके पर भेजा। सेल्समैन मनीष ने मौके पर पहुंच कर कहा पानी की बोतल को देखा और पानी के बोतल के अंदर गंदगी की बात स्वीकार किया और कहा कि इसको जांच के लिए भेजा जाएगा, इसके बाद ही कुछ बता सकते है।
वहीं दूसरी ओर, जब इस संबंध में स्थानीय डिस्ट्रीब्यूटर से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा की किशनगंज में बिसलेरी पानी की आपूर्ति पूर्णिया से की जाती है। बोतल में गंदगी निकलने के संबंध में मुझे फिलहाल कोई जानकारी नहीं है।जबकि प्रभारी खाद्य निरीक्षक ने बताया कि जांच करवाई जाएगी और जांच के बाद अगर गड़बड़ी पाई जाती है तो उचित कार्रवाई किया जाएगा।
























