सात दशक बाद भी विकास से वंचित अमीरपुर, पुल और सड़क के अभाव में ग्रामीण बेहाल

SHARE:

विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ

टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र की धवेली पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 08 स्थित अमीरपुर गांव आजादी के सात दशक बाद भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। गांव में आरसीसी पुल एवं पक्की सड़क नहीं रहने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्षों से ग्रामीण सड़क एवं पुल निर्माण की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।


ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है। गांव तक पहुंचने वाली कच्ची सड़क कीचड़ और जलजमाव में तब्दील हो जाती है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों, बुजुर्गों एवं किसानों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचा पाने के कारण परेशानी बढ़ जाती है। वहीं किसानों को अपनी उपज बाजार तक ले जाने में काफी दिक्कत होती है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार सांसद, विधायक एवं जिला पदाधिकारी को आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि बड़े-बड़े वादे करते हैं, लेकिन चुनाव खत्म होते ही गांव की समस्याओं को भुला दिया जाता है।ग्रामीणों में मोहम्मद सफीक आलम, मोहम्मद अजीम आलम, जमालुद्दीन, फारूक आलम, अमालुद्दीन, शहंशाह बेगम, शहनाज बेगम, हुसैदा बेगम, हुस्न आरा, अफसरी बेगम एवं कटबानो बेगम सहित कई लोगों ने जिला प्रशासन से शीघ्र सड़क एवं आरसीसी पुल निर्माण कराने की मांग की है।


धवेली पंचायत के मुखिया उमेश कुमार यादव ने कहा कि अमीरपुर गांव की सड़क एवं पुल की समस्या वर्षों पुरानी है। इस संबंध में संबंधित विभाग एवं जिला प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई