विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र में पंचायत सचिवों की लगातार हड़ताल के कारण आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगभग एक महीने से पंचायत स्तर पर होने वाले कई आवश्यक कार्य पूरी तरह बाधित पड़े हैं। जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, आवासीय, आय एवं अन्य जरूरी दस्तावेज नहीं बनने से लोगों के महत्वपूर्ण कार्य अटक गए हैं।
प्रखंड क्षेत्र के दूर-दराज गांवों से आने वाले लोग पंचायत कार्यालय और प्रखंड मुख्यालय का चक्कर लगाने को मजबूर हैं, लेकिन काम नहीं होने के कारण उन्हें बैरंग लौटना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रमाण पत्र के अभाव में बच्चों का स्कूल-कॉलेज में नामांकन, सरकारी योजनाओं का लाभ, बैंक संबंधी कार्य तथा अन्य जरूरी प्रक्रियाएं प्रभावित हो रही हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत सचिवों की हड़ताल के कारण पंचायत कार्यालयों में ताले लटके हुए हैं और कोई भी जिम्मेदार कर्मी उपलब्ध नहीं हो रहा है। इससे आमजन में नाराजगी बढ़ती जा रही है। खासकर गरीब और जरूरतमंद परिवारों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय नागरिकों ने जिला पदाधिकारी से इस गंभीर समस्या की ओर तत्काल ध्यान देने की मांग की है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को शीघ्र पहल कर हड़ताल समाप्त करवानी चाहिए ताकि पंचायत स्तर की जनसेवाएं फिर से सुचारु रूप से शुरू हो सकें।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आम जनता आंदोलन करने को विवश होगी। लोगों ने जिला प्रशासन से अभिलंब हस्तक्षेप कर जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक सेवाओं को बहाल कराने की मांग की है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।


























