छोटी हत्या मामले में आरोपी पति गिरफ्तार ,भेजा गया जेल
सागर चंद्रा/किशनगंज
शहर के नेपालगढ़ कॉलोनी निवासी छोटी की हत्या मामले की जांच कर रही टाउन थाना पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। बहादुरगंज थाना क्षेत्र के कसवा गांगी निवासी आरोपी राजा सोनार से आवश्यक पूछताछ के बाद गुरुवार को उसे जेल भेज दिया गया है। इससे पूर्व मृतका के सोनार पट्टी निवासी पिता विजय सोनार के लिखित शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध टाउन थाना में केस दर्ज किया गया था। पिता का आरोप है कि राजा ने छोटी की गला दबाकर हत्या कर दी है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। ताकि छोटी की मौत के कारणों का खुलासा हो सके।
बताते चलें कि छोटी की शादी गत 21 अप्रैल 2024 को राजा के साथ हुई थी। विगत कुछ दिनों से दोनों शहर के नेपालगढ़ कॉलोनी स्थित भाड़े के मकान में रहते थे। गत 5 मई को पिता विजय अपनी बेटी और एक वर्षीय पोते से मिलने छोटी के भाड़े के मकान में गये थे। जहां छोटी उन्हें काफी उदास दिखी। काफी कुरेदे जाने पर भी जब जब छोटी ने उन्हें उदासी का कारण नहीं बताया तो वे घर वापस लौट गए और अपने काम में व्यस्त हो गए थे। लेकिन मंगलवार देर रात उन्हें छोटी के मौत की जानकारी मिली।
वे फौरन सदर अस्पताल पहुंचे। लेकिन स्ट्रेचर पर उन्हें छोटी मृत मिली। उसके गले में गहरा काला निशान था और पैरों में भी जख्म के निशान थे। जिससे पिता को हत्या का शक गहरा गया। छोटी के भाड़े के मकान से मायके की दूरी काफी कम होने के बावजूद भी राजा के द्वारा उन्हें घटना की जानकारी नहीं दी थी। वह छोटी को जीवित मानकर उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले आया था। जहां छोटी को मृत घोषित किये जाने के बाद भी उसने छोटी के मायके वालों को घटना की जानकारी नहीं दी थी।
नतीजतन पिता ने आरोप लगाया कि राजा ने मारपीट के बाद छोटी की गला दबाकर हत्या कर दी है। इस बीच घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में मृतका के परिजन भी सदर अस्पताल पहुंच गए। आक्रोशित परिजनों ने पति राजा की बेरहमी से पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने राजा को आक्रोशित लोगों के चंगुल से छुड़ा कर अपने कब्जे में ले लिया था।




























